मुंगेर/बिहार
बिहार में जो कचड़ा भगाने का काम चल रहा है न... वो चलते रहेगा...। मुख्यमंत्री सम्राट ने रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर मुंगेर से अपराधियों के खिलाफ एक बार फिर से बयान देते नजर आए। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है। जो अपराधी हैं, उन्हें नेपाल जाना पड़ेगा। राज्य से अपराध और अपराधियों का सफाया करने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

जीविका दीदियों को मिलेगी दूसरी किस्त
इस दौरान सीएम सम्राट ने जीविका दीदियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार लगभग 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं को जीविका समूह से जोड़ने का काम किया है, उन्हें रोजगार देने का काम किया है। राज्य में चल रही मुख्यमंत्री योजनाओं के तहत उन्हें आर्थिक सहायता की दूसरी किस्त जल्द ही जारी की जाएगी।

पंचायत को मजबूत करने पर बल
मुख्यमंत्री ने मुंगेर जिले के टेटिया बंबर में पंचायत विकास योजना का शुभारंभ किया। उसके बाद उन्होंने पंचायतों को मजबूती देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब तक पंचायत का विकास नहीं होगा तब तक विकसित बिहार और भारत का सपना पूरा नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह योजना गांवों के विकास को नई दिशा देगी। साथ ही स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
इस दौरान मौके पर प्रभारी मंत्री संजय पासवान, सांसद अरुण भारती, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।