द फॉलोअप डेस्क:
BPSC Chairman: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को नया अध्यक्ष मिल गया है। बिहार सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा (Harjot Kaur Bhamra) को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 24 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके मुताबिक, हरजोत कौर 29 नवंबर से BPSC अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगी। इससे एक दिन पहले यानी 28 नवंबर को उनकी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) प्रभावी होगी। वह बिहार कैडर की 1992 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। नियुक्ति का आदेश बिहार के राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 316 के तहत जारी किया है।

छह साल या 62 वर्ष की उम्र तक रहेगा कार्यकाल
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में हरजोत कौर बम्हरा के कार्यकाल की अवधि भी निर्धारित की गई है। संविधान के अनुच्छेद 316(2) के अनुसार, वह BPSC अध्यक्ष के पद पर छह साल तक या 62 वर्ष की आयु पूरी होने तक बनी रहेंगी। इन दोनों में से जो भी अवधि पहले पूरी होगी, उसी के आधार पर उनका कार्यकाल समाप्त होगा। गौरतलब है कि इससे पहले उन्हें बिहार राजस्व पर्षद के अध्यक्ष-सह-सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

BPSC की भर्ती प्रक्रिया पर रहेगी नजर
हरजोत कौर बम्हरा को ऐसे समय में BPSC की जिम्मेदारी मिली है, जब आयोग की परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर पारदर्शिता, समय पर परीक्षाओं के आयोजन और चयन प्रक्रिया से जुड़े सवाल लगातार चर्चा में रहते हैं। BPSC बिहार में विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्ति के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित करता है। ऐसे में नए अध्यक्ष के सामने परीक्षाओं का सुचारु संचालन, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों का भरोसा मजबूत करना अहम जिम्मेदारी होगी।