द फॉलोअप डेस्क:
गोपालगंज के फुलवरिया थाना क्षेत्र से पांच दिन पहले घर से निकलीं दो छात्राओं को लेकर एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दोनों छात्राएं साथ नजर आ रही हैं और परिजनों से उनकी तलाश नहीं करने की बात कहती दिख रही हैं। वीडियो में दोनों के शादी करने का दावा भी किया जा रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
.jpeg)
कोचिंग के लिए निकलीं, फिर लापता
जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्राएं 23 सितंबर को कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। इनमें एक की उम्र 17 वर्ष और दूसरी की उम्र 21 वर्ष बताई जा रही है। काफी तलाश के बाद जब दोनों का पता नहीं चला तो उनकी माताओं ने फुलवरिया थाने में अलग-अलग लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

हरियाणा में मिली थी लोकेशन
पुलिस की जांच में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों छात्राओं के हरियाणा में होने की जानकारी मिली है। इसी बीच उनके शादी करने से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार के अनुसार, पुलिस ने दोनों के ठिकाने की जानकारी जुटा ली है और जल्द ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि एक-दो दिनों के भीतर दोनों को बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।