द फॉलोअप डेस्क:
Gopalganj Murder Case: गोपालगंज (Gopalganj) जिले के जादोपुर (Jadopur) थाना क्षेत्र के जागीरी टोला गांव में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी। यहां 21 वर्षीय युवती रमी कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। आरोप है कि दूसरे गांव के रहने वाले राजा साह ने युवती को रास्ते में रोककर कनपटी के पास गोली मार दी। गोली लगते ही रमी जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गयी। मृतका की पहचान दूधनाथ सिंह की पुत्री के रूप में हुई है।

कपड़े सिलवाने निकली थी युवती, रास्ते में हुई वारदात
परिजनों के मुताबिक, सोमवार की सुबह रमी गांव के बगल में स्थित एक घर में कपड़े सिलवाने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में महात्मा साह के पुत्र राजा साह ने उसे रोक लिया और गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक रमी की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि रमी की शादी अगले साल मार्च में तय हुई थी और परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना के बाद घर में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया।

प्रेम प्रसंग और शादी तय होने से नाराजगी की बात आयी सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि रमी की शादी कहीं और तय होने से आरोपी नाराज था। सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने भी बताया कि युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था। युवती की शादी तय होने से नाराज होकर युवक ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच हो रही है।
.jpeg)
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
वारदात की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ चंदन कुमार, नगर इंस्पेक्टर पीके प्रभाकर और जादोपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आरोपी राजा साह की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
.jpeg)
24 घंटे में गोलीबारी की दूसरी बड़ी घटना से दहशत
गोपालगंज जिले में पिछले 24 घंटे के भीतर गोलीबारी की यह दूसरी बड़ी वारदात बतायी जा रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के साथ इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। वहीं, रमी की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में अगले साल मार्च में शादी की शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।