गया/बिहार
गया जिले में डोभी-पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद कार में आग लग गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव की है। ट्रक चालक और खलासी फरार है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

कुछ ही पलों में दोनों वाहनों में आग फैल गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खाद से लदा दस चक्का ट्रक सर्विस लेन से गलत दिशा में फोरलेन पर आ रहा था। इसी दौरान डोभी की ओर से पटना जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिनी ओर स्थित डीजल टैंक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीजल टैंक फट गया और कुछ ही पलों में दोनों वाहनों में आग फैल गई।
कार में फंसे दो लोगों की दर्दनाक मौत
आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार दो लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका जिस कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रुप से झुलस गया। हादसे की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह और एएसआई नीरज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भेजा। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। गुरुवार सुबह जेसीबी और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और फोरलेन पर यातायात बहाल कराया गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जांच में पुलिस को जली हुई कार से कुछ खाली शराब की बोतलें मिली हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतकों और घायल चालक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, फरार ट्रक चालक और खलासी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच सभी पहलुओं से कर रही है।