कटिहार/बिहार
कटिहार में गुरुवार को मकई के ढेर में छिपे एक जहरीले सांप ने एक युवती को काट लिया। सांप को देखने के बाद परिजनों ने मार डाला फिर मृत सांप को लेकर युवती के साथ अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने समय पर इलाज करके बचाई युवती की जान। घटना जिले के मनसाही थाना क्षेत्र के इमली गांव का है।

मकई की सफाई कर रही थी
युवती की पहचान जीना खातून (19) वर्ष के रुप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जीना अपने घर में मकई की थ्रेसिंग यानी सफाई कर रही थी। इसी दौरान मकई के ढेर में छिपे एक जहरीले सांप ने उसके हाथ में काट लिया। सांप के काटते ही वह चिल्लाने लगी। उसके बाद परिजनों ने सांप को ढूंढकर मार डाला और फिर उसे एक थैले में रखकर जीना के साथ लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में सांप को देखने के लिए भीड़ लग गई।

डॉक्टरों ने दिया सलाह
परिजन सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को दिखाया। जहां तुरंत बिना देर किए चिकित्सकों ने जीना का इलाज शुरु किया और उसे एंटी स्नेक वेनम दिया। फिलहाल जीना खतरे से बाहर है। वहीं डॉ. ए.के. देव ने परिजन सहित अस्पताल में मौजूद सभी लोगों को सलाह दिया कि सांप काटने पर झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़े। घटना के तुरंत बाद अस्पताल पहुंचे, ताकि समय रहते सही से इलाज हो सके। अगर समय पर इलाज होता है तो इससे किसी की जान बचाई जा सकती है।