द फॉलोअप डेस्क:
Fake Paneer Factory: पनीर (Paneer) के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ का एक और मामला सामने आया है। बिहार की राजधानी पटना (Patna) में नकली दूध, पनीर और घी बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद अब उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के रायबरेली (Rae Bareli) में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में मिलावटी पनीर बनाने वाली इकाई पकड़ी गई है। जांच के दौरान सामने आया कि पनीर को सफेद और चमकदार दिखाने के लिए कपड़े चमकाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन 'रानीपाल' का प्रयोग किया जा रहा था। मौके से रिफाइंड पाम ऑयल और अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है।

पनीर में मिलाया जा रहा था रानीपाल
रायबरेली में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान पनीर बनाने की इकाई में कई तरह की संदिग्ध सामग्री बरामद की। आरोप है कि पनीर की रंगत और चमक बढ़ाने के लिए रानीपाल का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा रिफाइंड पाम ऑयल भी मिला है। विभाग ने बरामद सामग्री और तैयार पनीर के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। अब जांच रिपोर्ट से मिलावट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
.jpeg)
पटना में भी पकड़ी गई थी नकली डेयरी फैक्ट्री
इससे पहले पटना के बख्तियारपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर चल रही एक नकली डेयरी फैक्ट्री का खुलासा किया था। छापेमारी में नकली दूध, पनीर, घी और क्रीम की बड़ी खेप बरामद हुई थी। विभाग ने चार लाख रुपये से अधिक मूल्य के डेयरी उत्पाद और उपकरण जब्त किए थे। फैक्ट्री से 30 किलोग्राम फॉर्मेलिन भी मिला था। आरोप था कि इस रसायन का इस्तेमाल दूध और डेयरी उत्पादों को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए किया जा रहा था। फैक्ट्री में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब थी, जिसके बाद उसे सील कर दिया गया। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले खाद्य पदार्थों की शुद्धता और लोगों की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। आखिर मुनाफे के लिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों पर कब सख्त कार्रवाई होगी?