logo

बिहार में फ्लोर टेस्ट का काउंटडाउन शुरू, नीतीश कुमार साबित करेंगे बहुमत

ितददी.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
नीतीश कुमार सोमवार को विधानसभा में अपना बहुमत साबित करेंगे। इस बीच, बिहार में राजनीतिक हलचल तेज है। लालू यादव की पार्टी राजद के सभी विधायक भी पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के बंगले पर पहुंच चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के विधायक भी तेजस्वी के बंगले पर ही मौजूद हैं। नीतीश कुमार ने पिछले माह की 28 जनवरी को बिहार में एनडीए के साथ मिलकर नई सरकार बनाई थी। अब सोमवार को विधानसभा में एनडीए सरकार फ्लोर टेस्ट से होकर गुजरेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के साथ 128 और महागठबंधन के पास 114 विधायकों का समर्थन है, लेकिन फ्लोर टेस्ट में असली ताकत का पता चलेगा। ऐसे में पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने विधायकों को साथ लेकर अपने आवास से निकलेंगे। रात में सभी ने एक साथ बैठकर खाना खाया था। राष्ट्रीय जनता दल प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी बिहार विधानसभा के सदस्य नहीं हैं, लेकिन फ्लोर टेस्ट से पहले पार्टी ने उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए तैनात रखा है। उन्होंने कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जो कहा है, वह होकर रहेगा। बिहार में जबरन बनाई गई सरकार को उखाड़ फेंकना आमजन भी चाहता है। इसलिए, बिहार विधानसभा में खेला तो जरूर होगा। 


विधान मंडल का यह पहला सत्र होगा 
नीतीश कुमार अपनी सरकार के लिए बहुमत पर वोटिंग का प्रस्ताव सदन में रखेंगे। इसके बाद विधान मंडल का बजट सत्र शुरू होगा। सत्ता परिवर्तन के बाद विधान मंडल का यह पहला सत्र है। इसको लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष की राजनीतिक गहमागहमी चरम पर है।


कल जदयू की बैठक हुई 
रविवार की शाम जदयू विधायक दल की बैठक हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने विधायकों को संबोधित किया। बिहार के विकास के लिए एकजुट रहने की बात कही। एक दिन पहले मंत्री श्रवण कुमार के आवास पर भी जदयू विधायक जुटे थे।