logo

मुंडेश्वरी धाम से CM सम्राट ने की कई घोषणाएं, रोहतास-कैमूर के बीच एयरपोर्ट और धार्मिक स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का ऐलान

सम्राट_11.jpg

कैमूर/बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट ने कैमूर के प्रसिद्ध माता मुंडेश्वरी धाम से क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। रोहतास और कैमूर के बीच जल्द एयरपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए जमीन चिन्हित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया जा चुका है। लंबे समय से लंबित मुंडेश्वरी धाम रोप-वे परियोजना का काम बरसात के बाद शुरू होगा। मुख्यमंत्री बनने के बाद कैमूर में उनकी पहली यात्रा है।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां ताराचंडी, तुतला भवानी और गुप्ता धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। सरकार कैमूर को टूरिस्ट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके साथ ही मुंडेश्वरी धाम परिसर स्थित धर्मशाला के जीर्णोद्धार की भी घोषणा की गई, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

शिक्षा, प्रशासन और सोलर योजना पर भी बड़े ऐलान
सीएम ने यह भी कहा कि अगले दो वर्षों में बिहार के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। यहां नीट, जेईई और आईआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इस दौरान उन्होंने बिहार में बीएचयू की शाखा खोलने की संभावनाओं पर काम करने की बात भी कही। साथ ही चेतावनी दी कि 30 दिनों तक आदेश लंबित रखने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा 25 लाख बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे बिजली बिल में राहत मिलेगी जिससे अतिरिक्त बिजली उत्पादन पर सरकार भुगतान भी करेगी।

Tags - Mundeshwari Dham News CM Samrat Announcement Kaimur News