द फॉलोअप डेस्क:
Bihta Teacher Death: पटना (Patna) से सटे बिहटा (Bihta) में 23 वर्षीय शिक्षिका की मौत का मामला सामने आया है। शिक्षिका ने दो दिन पहले ही एक निजी स्कूल के संचालक देव कुमार मेहता (Dev Kumar Mehta) पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। सोमवार को अपने घर में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी स्कूल संचालक देव कुमार मेहता (45) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मंदिर में शादी का दिखावा कर तीन साल तक शोषण का आरोप
शिक्षिका ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि स्कूल संचालक ने उससे मंदिर में शादी की थी, लेकिन इस रिश्ते को कभी सार्वजनिक नहीं किया। इसके बाद कोर्ट में शादी करने का भरोसा देकर करीब तीन साल तक उसका यौन उत्पीड़न करता रहा। शिक्षिका को जब पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है, तो उसने उससे जवाब मांगा और अंततः पुलिस से शिकायत की। 21 नवंबर को दर्ज शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

आवेदन में बयां किया था अपना दर्द
शिक्षिका ने अपने आवेदन में बताया था कि वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती है और अपने छोटे भाई के साथ रहकर स्कूल में पढ़ाने के जरिए घर का खर्च चलाती थी। मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी और बिहार से बाहर रहने लगे थे। आवेदन में उसने समाज में बदनामी और भविष्य को लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की थी। दानापुर-2 के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को उसे जेल भेजा गया। इसी बीच शिक्षिका की मौत की सूचना मिली। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।