logo

Bihar Weather : बिहार में साइक्लोन अकवान से बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश और तूफान की चेतावनी

बिहार में साइक्लोन अकवान से बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश और तूफान की चेतावनी

द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Weather: बिहार (Bihar) में साइक्लोन अकवान (Cyclone Akwan) का असर दिखने लगा है। बंगाल (Bengal) की खाड़ी में बने इस चक्रवाती तूफान के मजबूत होने के बाद राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को कई जिलों में दोपहर के बाद आसमान में बादल छाए रहे, जबकि कुछ इलाकों में कुहासा भी देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार यानी 21 नवंबर को भी बिहार के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

12 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज दक्षिण-पूर्वी बिहार के भागलपुर, बांका और जमुई में बारिश की संभावना जताई है। वहीं, अररिया, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, किशनगंज, पूर्णिया, खगड़िया और मुंगेर समेत कुल 12 जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर तूफानी गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। इसके अलावा 22 नवंबर को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। बेगूसराय, नवादा, जहानाबाद, गया, नालंदा और पटना में हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।

दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम में बदलाव के साथ बिहार में ठंड बढ़ने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने का भी अनुमान है। बता दें कि 20 नवंबर को बिहार का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को बारिश के साथ बढ़ती ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
 

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsBihar Weather UpdateCyclone AkwanBihar Rain AlertBihar Weather Forecast