द फॉलोअप डेस्क:
Teachers New Rules: बिहार (Bihar) में सरकारी स्कूलों (Government School) के शिक्षकों (Teachers) को पढ़ाने-लिखाने के साथ अब अपने व्यवहार और दिनचर्या को लेकर भी कई निर्देशों का पालन करना पड़ रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों के लिए लगातार नई हिदायतें जारी की जा रही हैं। इनमें स्कूल में पहनावे से लेकर मोबाइल फोन (Mobile Phone) के इस्तेमाल, मिड डे मील की गुणवत्ता जांचने और बच्चों के होमवर्क पर नजर रखने तक की जिम्मेदारियां शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें से कुछ निर्देश पहले भी जारी किए जा चुके हैं, लेकिन उनका पूरी तरह अनुपालन नहीं हो सका। अब एक बार फिर इन्हें नए सिरे से लागू करने की कोशिश की जा रही है।

जींस-टीशर्ट पहनने पर सख्ती
शिक्षकों के पहनावे को लेकर यह निर्देश पहली बार नहीं आया है। जब केके पाठक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव थे, तब उन्होंने आदेश जारी किया था कि शिक्षक विद्यालय में जींस और टी-शर्ट पहनकर नहीं आएंगे। हालांकि, इस आदेश का पूरी तरह पालन होने से पहले ही केके पाठक शिक्षा विभाग से हट गए। इसके बाद पिछले महीने एक बार फिर शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड संबंधी निर्देश जारी किया गया। इस बार आदेश के कुछ ही दिनों बाद एक जिले में जींस पहनकर स्कूल पहुंचने के आरोप में एक शिक्षक को निलंबित भी कर दिया गया। इससे स्पष्ट है कि विभाग अब पहनावे से जुड़े निर्देशों के अनुपालन को लेकर भी सख्ती दिखा रहा है।
मिड डे मील चखकर रखनी होगी रिपोर्ट
शिक्षकों को मिड डे मील की गुणवत्ता पर नजर रखने की जिम्मेदारी भी दी गई है। हाल ही में मध्य विद्यालयों के शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे बच्चों को परोसे जाने वाले मिड डे मील को चखें और उसकी गुणवत्ता की जांच करें। इसके बाद उन्हें एक रिपोर्ट तैयार करनी होगी, जिसमें यह दर्ज करना होगा कि बच्चों के लिए बनाया गया भोजन खाने योग्य है या नहीं। इस रिपोर्ट को विद्यालय में सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। विभाग की ओर से किसी भी दिन इसकी जांच की जा सकती है। हालांकि, भोजन चखने की व्यवस्था पहले भी रही है, लेकिन अब इसकी रिपोर्ट तैयार कर स्कूल में रखने का निर्देश दिया गया है।

स्कूल में मोबाइल इस्तेमाल पर रोक
शिक्षकों के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण निर्देश मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर है। विद्यालय अवधि के दौरान शिक्षकों को अपने मोबाइल फोन से दूरी बनाकर रखनी होगी। यानी स्कूल में पढ़ाई के समय मोबाइल के इस्तेमाल से बचने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा शिक्षकों को यह भी बताया जा रहा है कि उन्हें कक्षा में किस तरह खड़े होकर बच्चों को पढ़ाना है। विभाग का जोर शिक्षकों के व्यवहार और पढ़ाने के तरीके में बदलाव लाने पर है।
बच्चों के होमवर्क पर भी रखनी होगी नजर
इन निर्देशों के बीच बच्चों को दिए जाने वाले होमवर्क को लेकर भी शिक्षकों की जिम्मेदारी बढ़ाई गई है। अब शिक्षकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि बच्चों ने घर पर दिया गया होमवर्क किया है या नहीं। अगर होमवर्क किया है, तो वह पूरा है या अधूरा, इसकी भी जानकारी रखनी होगी। इसके लिए शिक्षकों को बच्चों के अभिभावकों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। इस तरह शिक्षा विभाग की ओर से जारी हो रही हिदायतों का दायरा अब केवल कक्षा में पढ़ाई कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षकों के पहनावे, व्यवहार, खानपान की गुणवत्ता की निगरानी और बच्चों की पढ़ाई से जुड़े कामों तक फैल गया है।