द फॉलोअप डेस्क:
Samrat Choudhary Pension Scheme: बिहार (Bihar) के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) ने छठ महापर्व से पहले राज्य के 1 करोड़ 9 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी सौगात दी है। मंगलवार, 10 नवंबर को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि हस्तांतरित की। इस दौरान कुल 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 पेंशनधारियों के खातों में 1,100 रुपये प्रति लाभार्थी की दर से कुल 1,205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपये भेजे गए। इसमें राज्य के वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाएं शामिल हैं।

400 से बढ़ाकर 1100 रुपये हुई पेंशन राशि
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना केवल आर्थिक सहायता देने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, मानवीय संवेदना और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस योजना के माध्यम से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये प्रतिमाह करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। सरकार का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

एक महीने में जुड़े 1.36 लाख नए पेंशनधारी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान चलाकर सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित पात्र लोगों की पहचान की जाए और उन्हें योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने के अंतराल में 1 लाख 36 हजार 854 नए पेंशनधारी इस योजना से जुड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशनधारियों के खातों में समय पर राशि पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छठ महापर्व से ठीक पहले पेंशन की राशि भेजने का उद्देश्य लाभार्थियों को आर्थिक संबल देना है, ताकि वे त्योहार की खुशियां बेहतर तरीके से मना सकें। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के पेंशनधारी, जिलाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम से जुड़े।