पटना
पटना में आज बिहार पेंशन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 1 करोड़ 1 लाख 33 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि का हस्तांतरण किया। लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रति पेंशनधारी 1100 रुपये की दर से कुल 1157 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी और गणमान्य लोग भी जुड़े।
हर महीने की 10 तारीख को खाते में पहुंचेगी पेंशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित कर दी जाए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सरकार की पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित जनकल्याणकारी व्यवस्था का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने पेंशन दिवस के अवसर पर सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
पेंशन की राशि 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए की गई
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई है। उन्होंने कहा कि राशि में बढ़ोतरी से पेंशनधारियों के जीवन में बदलाव आया है। सरकार गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और समाज के वंचित वर्गों के सम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
कोई पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित न रहे
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र लाभार्थी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित नहीं रहे। उन्होंने कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लाभार्थियों को पेंशन योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। पेंशन वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से जारी रहनी चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।
1.70 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है।
लघु फिल्म का किया गया प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इससे पहले सामाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ. प्रीति ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।.jpeg)
उपमुख्यमंत्री और कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह और सामाजिक सुरक्षा की निदेशक डॉ. प्रीति सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और लाभार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।