logo

बिहार में बनेंगे एक करोड़ नए राशन कार्ड, CM सम्राट ने अधिकारियों को दिए निर्देश

samrat11.jpg

द फॉलोअप,बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया है। गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं और  पीडीएस की समीक्षा की हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को एक करोड़ नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही विभाग की सभी योजनाओं के लाभार्थियों का अद्यतन डेटाबेस तैयार करने और ऑनलाइन PDS प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।

स्मार्ट वेयरहाउसिंग और प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर
बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के क्रियान्वयन, स्मार्ट वेयरहाउसिंग और 'सार्थक PDS' मॉडल पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि राशन वितरण व्यवस्था की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को बिना किसी बाधा के खाद्यान्न मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'गरीब कल्याण विद डिग्निटी' के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वेयरहाउसों में बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी खाद्यान्न गोदामों की गुणवत्ता, सुरक्षा और रखरखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी वेयरहाउसों में बिजली आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ केंद्र सरकार के सुझावों के अनुरूप तेजी से कार्य करने को कहा। बैठक में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Tags - Bihar Ration Card New Ration Card Bihar One Crore New Ration Cards