logo

मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के दौरान फटी PNG गैस पाइपलाइन, पांच स्कूली छात्राएं बेहोश

गैस4.jpg

Muzaffarpur Gas Pipeline Blast:
मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को PNG गैस की पाइपलाइन फटने से पास से गुजर रही पांच स्कूली छात्राएं चपेट में आ गईं। दम घुटने के कारण पांचों छात्राएं बेहोश हो गईं। जिले के रोहुआ में बुडको द्वारा नाला निर्माण का काम चल रहा था। उस इलाके में JCB से खुदाई का काम चल रहा था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से पास के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई।

बच्चियों की हालत स्थिर 
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में प्रभावित छात्राओं को मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज के बाद पांचों बच्चियों की हालत स्थिर बताई है। प्रभावित छात्राओं की पहचान 10वीं कक्षा की छात्राएं दिव्या, नाहिद, अमृता और राखी हैं।इसके अलावा 11वीं की छात्रा विशाखा शामिल हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, गैस रिसाव के कारण सभी को सांस लेने दिक्कत हुई, जिसके कारण वे बेहोश हो गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बुडको की ओर से उक्त इलाके में नाला निर्माण का काम चल रहा था। JCB से खुदाई के दौरान PNG की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव शुरु हो गया। थोड़ी देर में पूरे इलाके में गैस फैल गई। इस कारण आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान स्कूल जा रही छात्राएं भी गैस की चपेट में आ गईं और सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।

तत्काल गैस आपूर्ति बंद कर उसका मरम्मत कार्य शुरु
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गैस पाइपलाइन ऑपरेटर की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और तत्काल गैस आपूर्ति बंद कर उसका मरम्मत कार्य शुरु किया। इस दौरान प्रशासन ने लगातार आसपास के लोगों को जागरुक करते हुए प्रभावित इलाके में जाने से मना किया। साथ ही सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी। फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है। पुलिस-प्रशासन यह पता लगा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं। इसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Muzaffarpur Gas PipelineCB ExcavationSchool Girls Unconscious