द फॉलोअप,बिहार
बिहार में बुधवार 1 जुलाई से मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने मौसम की सक्रियता को देखते हुए आज राज्य के 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इसके साथ ही मेघ-गर्जन के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने जिन जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी किया है उसमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका शामिल है। मौसम विभाग ने खासकर कटिहार और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 15 जुलाई से बारिश की प्रबल संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 जुलाई के बाद राजधानी पटना सहित बिहार के अधिकतर भागों में बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर जुलाई में भी जून की तरह कम बारिश होती है, तो कई हिस्सों में सुखाड़ जैसी स्थिति बन सकती है।