द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए जन सुराज ने पांच उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने दरभंगा शिक्षक, दरभंगा स्नातक, सारण शिक्षक, पटना शिक्षक और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपने प्रत्याशी तय किए हैं। जन सुराज कुल आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। वहीं, पटना स्नातक समेत तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान अभी बाकी है।
.jpeg)
जन सुराज ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एसपी राय को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव चुनाव मैदान में होंगे। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अफाक अहमद को टिकट दिया गया है, जबकि पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति को प्रत्याशी बनाया गया है। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से रजनीश रंजन जन सुराज के उम्मीदवार होंगे। पार्टी की ओर से बताया गया है कि बाकी तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्याशियों के नाम तय करने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं से राय ली गई। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें की गईं और संभावित उम्मीदवारों से भी बातचीत हुई। इसके बाद सभी नामों पर पार्टी की कोर कमेटी में चर्चा की गई। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों से मिले फीडबैक को भी उम्मीदवारों के चयन में शामिल किया गया।

जन सुराज की प्रेस वार्ता में बताया गया कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अभी किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। इस सीट को लेकर पार्टी में मंथन जारी है। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन को लेकर कोर कमेटी में विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि एक उम्मीदवार के नाम पर करीब पांच घंटे तक चर्चा के बाद फैसला लिया गया। प्रशांत किशोर ने शिक्षकों के मुद्दों को भी चुनावी चर्चा का अहम हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लड़ाई पिछले कई वर्षों से सरकार के साथ चल रही है और शिक्षकों को जन सुराज से भी उम्मीदें हैं। उन्होंने सभी शिक्षक संघों को एक साथ लाकर संघर्ष समिति बनाने की बात कही। साथ ही सातवां वेतनमान लागू कराने, वित्तरहित वित्तपोषित व्यवस्था का मामला खत्म करने और शिक्षकों को गैर-शिक्षण कार्यों में नहीं लगाने की मांग उठाने की बात कही। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि इन मांगों को मार्च से पहले पूरा कराने की कोशिश की जाएगी।

प्रशांत किशोर ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं से जाति से ऊपर उठकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में लोगों ने मतदान किया, उसी तरह विधान परिषद चुनाव में भी मतदाता अपने मुद्दों के आधार पर वोट करें। उन्होंने स्नातक मतदाताओं को संबोधित करते हुए बांकीपुर में की गई 10 हजार नौकरियों की घोषणा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में रोजगार का वादा किया गया है, उसी तरह हर क्षेत्र में इसे पूरा करने की कोशिश की जाएगी।