logo

नितिन गडकरी से मिले बिहार के सड़क मंत्री शैलेन्द्र, कई अहम सड़क परियोजनाओं पर हुई चर्चा

KUMAR_SHAILENDRA.jpg

द फोलोअप डेस्क
बिहार के सड़क निर्माण विभाग के मंत्री एवं बिहपुर विधायक कुमार शैलेन्द्र ने गुरुवार को संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य की सड़क अवसंरचना को मजबूत करने और कई महत्वपूर्ण सड़क व पुल परियोजनाओं को गति देने से जुड़े विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक बातचीत हुई। बैठक में उनकी बेटी खुशहाली भी मौजूद रहीं।
प्रमुख सड़क परियोजनाओं के प्रस्ताव
शैलेन्द्र ने बैठक में विक्रमशिला सेतु के समानांतर पॉन्टून ब्रिज, मुजफ्फरपुर-बरौनी राष्ट्रीय राजमार्ग-122 का चार लेन चौड़ीकरण एवं पूर्वी बाईपास, राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के नौबतपुर से झारखंड सीमा तक चार लेन निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग-333 एवं 333ए से जुड़ी परियोजनाओं, हाजीपुर-मुजफ्फरपुर कांवरिया पथ, बिहपुर-फुलौत कोसी पुल से गोविंदपुर-मुशहरी एवं कहारपुर को एप्रोच रैम्प से जोड़ने, भागलपुर-बलदौर राष्ट्रीय राजमार्ग-133ई, हाजीपुर से बिदुपुर तक गंगा के उत्तरी किनारे एलिवेटेड सड़क तथा केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के अंतर्गत नई योजनाओं की स्वीकृति जैसे प्रस्ताव रखे।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दिया सकारात्मक आश्वासन
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के चार लेन निर्माण, फुलौत-बिहपुर पुल से जुड़े एप्रोच संपर्क तथा हाजीपुर से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम कांवरिया मार्ग की आवश्यकता भी बताई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी मुद्दों को गंभीरतापूर्वक सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने बिहार आकर संबंधित परियोजनाओं और प्रस्तावित स्थलों का स्वयं अवलोकन करने की बात भी कही। कुमार शैलेन्द्र ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन और बिहार सरकार के नेतृत्व में राज्य की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी
 

Tags - Bihar News Nitin Gadkari Road Infrastructure National Highways Kumar Shailendra