logo

बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्य आज लेंगे शपथ

बिहार विधान परिषद के 8 नवनिर्वाचित सदस्य आज लेंगे शपथ

द फॉलोअप डेस्क:

Legislative Council Oath: बिहार विधान परिषद (Bihar Legislative Council) के चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से नवनिर्वाचित आठ सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आज, सोमवार को आयोजित किया जाएगा। विधान परिषद सचिवालय (Legislative Council Secretariat) के अनुसार, सभी सदस्य भारतीय संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। कार्यक्रम विधान परिषद के उपभवन सभागार में होगा। कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलायेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव समेत राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे।

आठ सदस्यों में छह दलों की भागीदारी

नवनिर्वाचित सदस्यों में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पटना के नीरज कुमार (जदयू), दरभंगा के अनिल कुमार झा (राजद), तिरहुत के बंशीधर ब्रजवासी (निर्दलीय) और कोसी के डॉ. एनके यादव (भाजपा) शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पटना के डॉ. संजीव कुमार (राजद), दरभंगा के सुरेश प्रसाद राय (जन सुराज), तिरहुत के नरेंद्र प्रसाद सिंह (भाजपा) और सारण के डॉ. राहुल राज (निर्दलीय) निर्वाचित हुए हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार, 17 नवंबर को जारी गजट में प्रकाशित सूची में भाजपा और राजद के दो-दो, जदयू और जन सुराज के एक-एक तथा दो निर्दलीय सदस्य शामिल हैं।

शपथ के साथ शुरू होगा छह साल का कार्यकाल

विधान परिषद के प्रत्येक सदस्य का कार्यकाल छह वर्षों का होता है। यह स्थायी सदन है, जिसके एक-तिहाई सदस्य हर दो वर्ष में सेवानिवृत्त होते हैं। इन आठ सीटों पर पूर्व सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो चुका है। नवनिर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल शपथ ग्रहण के साथ शुरू होगा। इसके बाद वे विधान परिषद की बैठकों और विधायी कार्यों में हिस्सा ले सकेंगे। साथ ही अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के शिक्षकों, स्नातकों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने की जिम्मेदारी भी निभायेंगे।
 

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsBihar Legislative Council Oath CeremonyBihar MLC Oath Taking 2026