द फॉलोअप डेस्क:
पटना (Patna) में सोमवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बड़ी संख्या में गृहरक्षकों ने प्रदर्शन किया। बिहार रक्षावाहिनी स्वयंसेवक संघ के आह्वान पर गृहरक्षक गांधी मैदान के पास जुटे और वहां से मार्च करते हुए छज्जुबाग (Chhajjubagh) स्थित बिहार गृह रक्षा वाहिनी मुख्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने महानिदेशक सह महासमादेष्टा के कार्यालय के सामने धरना दिया और डीजी सह डीजीपी प्रीता वर्मा के कार्यालय का घेराव किया। संघ के महासचिव सुदेश्वर प्रसाद का आरोप है कि गृहरक्षकों की समस्याओं को लेकर कई बार लिखित और मौखिक रूप से अधिकारियों को जानकारी दी गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। संघ प्रतिनिधियों के साथ बैठक की तारीख भी तय नहीं की गयी है, जिससे गृहरक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है।

सेवानिवृत्ति लाभ और ईपीएफ भुगतान का मामला उठाया
प्रदर्शन के दौरान गृहरक्षकों ने सेवानिवृत्ति लाभ की गणना बहाली की तारीख से करने की मांग की। संघ का कहना है कि सेवा अवधि की गणना खाता खुलने की तारीख के बजाय नियुक्ति यानी बहाली की तारीख से होनी चाहिए। पे-रोल और नकद भुगतान के तहत काम की गयी अवधि को भी सेवा गणना में शामिल करने तथा बहाली के समय से औसत सेवा अवधि मानकर या पांच बोर्ड भरे जाने पर सेवानिवृत्ति लाभ देने संबंधी आदेशों का पालन कराने की मांग की गयी। इसके अलावा ईपीएफ की राशि जमा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। संघ के अनुसार, सितंबर 2019 से गृहरक्षकों के वेतन से ईपीएफ की कटौती हो रही है, लेकिन कुछ जिलों में यह राशि संबंधित ईपीएफ कंपनी में जमा नहीं की गयी है। इससे सेवानिवृत्त गृहरक्षकों और मृत गृहरक्षकों के आश्रितों को पेंशन और बीमा का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। संघ ने कथित तौर पर 12 प्रतिशत और 13 प्रतिशत राशि के भुगतान से जुड़ी अड़चनों को दूर कर बकाया राशि जमा कराने और स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की है।
.jpeg)
अनुकंपा नियुक्ति और प्रतिनियुक्त कर्मियों को हटाने की मांग
गृहरक्षकों ने मृत कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने की मांग भी उठायी। संघ का कहना है कि कई जिलों में ऐसे आवेदन लंबे समय से लंबित हैं और छोटी-मोटी त्रुटियों के नाम पर आश्रितों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसके साथ ही जिला कार्यालय, पुलिस केंद्र और मैगजीन गार्ड में वर्षों से प्रतिनियुक्त गृहरक्षकों को हटाने की मांग की गयी। संघ ने जिला कार्यालयों में 9 से 10 वर्षों से प्रतिनियुक्त कार्यपालक सहायकों यानी कंप्यूटर ऑपरेटरों पर मनमाने तरीके से प्रतिनियुक्ति कराने के बदले कथित तौर पर पैसे लेने के आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने और मामले की जांच कराने की मांग की। महासचिव सुदेश्वर प्रसाद ने चेतावनी दी कि जब तक गृहरक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर धरने को व्यापक आंदोलन का रूप दिया जाएगा। फिलहाल संघ ने मुख्यालय स्तर पर बैठक बुलाकर लंबित मांगों पर ठोस निर्णय लेने की मांग की है।