पटना/बिहार
पटना में खान सर के “ग्लोबल कोचिंग” सेंटर पर हमले के बाद से बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कोचिंग संस्थानों पर नकेल कसने के लिए फैसला ले लिया है। उन्होंने अगले तीन महीने में नई शिक्षा नीति बनाने और दोषियों को जेल भेजने का ऐलान किया है। बीते रात खान सर के कोचिंग सेंटर में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के बाद से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल कोचिंग सेंटर को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।

“ज्ञान बिंदू” के संस्थापक ने खान सर पर लगाया आरोप
इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए “ज्ञान बिंदू कोचिंग” के संस्थापक रोशन आनंद सर समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस द्वारा कोर्ट ले जाने के क्रम में डायरेक्टर रोशन आनंद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि खान सर उनको फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी कोचिंग को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान उन्होंने खान सर द्वारा दी गई शुरुआती बयान पर भी सवाल उठाए। कहा कि घटना के तुरंत बाद भी उन्होंने 10-12 राउंड गोली चलने और फायरिंग होने की बातें कही थीं, लेकिन फिर वो मुकर गए।

सड़क पर विरोध कर रहे छात्र
इधर, कोचिंग बंद होने से छात्र परेशान नजर आ रहे हैं। बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर धरना देने बैठ गए हैं। उनका कहना है कि खान सर बहुत ही कम फी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाते हैं। साथ ही छात्रों ने कहा कि अभी लगातार उनका परीक्षा है। कोचिंग बंद होने के कारण उनको नुकसान हो रहा है। हालांकि इस दौरान छात्रों ने खान सर जिंदाबाद की नारे भी लगाई औऱ उनकी सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की। इन्हीं सबको देखते हुए शिक्षा मंत्री ने राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई नीति बनाने का ऐलान किया है।