logo

बिहार में भूकंप, पटना और बांका समय इन जिलों में डोली धरती

बिहार में भूकंप, पटना और बांका समय इन जिलों में डोली धरती

द फॉलोअप डेस्क:

Bihar Earthquake: बिहार (Bihar) में मंगलवार की सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में हलचल मच गई। राजधानी पटना (Ptana) से लेकर उत्तर बिहार और सीमांचल के कई जिलों में सुबह-सुबह धरती कांपने (Earthquake) का एहसास हुआ। जानकारी के मुताबिक, पटना, दरभंगा, सुपौल, अररिया, सीवान, शिवहर, बेगूसराय और बांका समेत कई जिलों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक आए इन झटकों से लोग कुछ देर के लिए चौंक गए। दरभंगा में सुबह करीब 7 बजकर 5 मिनट पर लगभग 2 से 3 सेकेंड तक कंपन महसूस होने की बात सामने आई है। वहीं, बांका में सुबह 7 बजकर 4 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए।

नेपाल में था भूकंप का केंद्र, 5.3 रही तीव्रता

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास था। न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर 5.3 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसका केंद्र 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। भूकंप की गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे बताई गई है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की खबर है। इसके अलावा नेपाल, भारत, चीन, बांग्लादेश और भूटान के कुछ हिस्सों में भी इसका असर महसूस किया गया।

फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं

भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोगों के बीच कुछ देर तक डर और हलचल का माहौल रहा। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बिहार के किसी भी जिले से जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। भूकंप की तीव्रता को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्टों में 5.4 मैग्नीट्यूड का भी जिक्र किया गया है, जबकि उपलब्ध जानकारी में 5.3 मैग्नीट्यूड बताया गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
 

Tags - Bihar NewsBihar Latest NewsBihar EarthquakeEarthquake in Bihar TodayBihar Earthquake News