द फॉलोअप डेस्क:
Bihar Officers Suspension: बिहार (Bihar) में सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (CM Samrat Choudhary) ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना (Patna) स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान सीएम ने एक साथ 15 अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया। इन अधिकारियों पर लोगों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुनने और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं करने के आरोप थे। सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री खुद लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान अलग-अलग जिलों से आए लोगों की शिकायतों की समीक्षा में अधिकारियों की लापरवाही सामने आई।

मुंगेर और सुपौल से दो-दो अधिकारी सस्पेंड
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में बिहार के कई जिलों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। मुंगेर से अंचल अधिकारी जय प्रकाश और अर्चना कुमारी को निलंबित किया गया है। वहीं, सुपौल से अंचल अधिकारी प्रियंका सिंह और कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली पर कार्रवाई हुई है। इसके अलावा भोजपुर, कटिहार, भागलपुर, अररिया, गया, जहानाबाद, शेखपुरा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और गोपालगंज के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निलंबित किया गया है।

चार विभागों के अधिकारियों पर हुई कार्रवाई
निलंबित किए गए 15 अधिकारियों और कर्मचारियों में सबसे अधिक राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े हैं। इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारी-कर्मी भी कार्रवाई की जद में आए हैं। इस सूची में अंचल अधिकारियों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और राजस्व कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई के जरिए सरकारी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेने का संदेश दिया गया है।