द फॉलोअप डेस्क, बिहार:
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने एंटी पेपर लीक बेल के संसद के दोनों सदनों से पारित होने पर पीएम मोदी का आभार जताया। उन्होंने एंटी पेपर लीक बिल को करोड़ों विद्यार्थियों के हित में लिया गया ऐतिहासिक और स्वागतयोग्य कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हमेशा युवाओं और छात्रों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। संजय सरावगी ने कहा कि एंटी पेपर लीक बिल परीक्षा में होने वाली अनियमितताओं, पेपर लीक और संगठित नकल जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। इससे मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ेगा तथा उन्हें अपनी योग्यता और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने का निष्पक्ष अवसर मिलेगा।
पेपर लीक वर्षों की मेहनत के साथ खिलवाड़
संजय सरावगी ने कहा कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा की समस्या नहीं है, बल्कि यह लाखों युवाओं के सपनों और उनके परिवारों की वर्षों की मेहनत के साथ खिलवाड़ है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में यह कानून महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प के साथ देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है। एंटी पेपर लीक बिल का पारित होना इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि देश के युवा अब यह विश्वास कर सकते हैं कि उनकी मेहनत और प्रतिभा के साथ न्याय होगा तथा परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता को और मजबूती मिलेगी।