द फॉलोअप डेस्क:
बिहार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। भागलपुर और बांका जिले से सामने आए दो अलग-अलग मामलों ने लोगों का ध्यान खींचा है। भागलपुर के कहलगांव में दो युवतियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वहीं, बांका के मंदार पर्वत क्षेत्र से जुड़े एक आपत्तिजनक वीडियो के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित अमडंडा थाना क्षेत्र में दो युवतियों के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घटना करीब एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान केमाचक गांव निवासी नागेश्वर यादव के पुत्र रामप्रवेश यादव के रूप में हुई है। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बिहार के "जमुई-समस्तीपुर" के बाद अब "बांका के मंदार पर्वत" से शर्मनाक वीडियो सामने आया है। आरोप है कि 6 युवकों ने लड़की के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की, उसके साथ मारपीट भी की। उक्त मामले में एफ आई.आर.दर्ज हुई है। करेंगे गुंडागर्दी, क्या कर लेगी वर्दी? @bihar_police
— Er Manish Rajak (@ManishCEO2) September 25, 2026
ऐसे मामलों… pic.twitter.com/FDiiooNWcB
.jpeg)
प्रेम विवाह के लिए घर से निकले थे दो कपल
पुलिस की जांच में सामने आया है कि शाहकुंड थाना क्षेत्र के दो प्रेमी जोड़े अपने परिजनों को बताए बिना शादी करने के लिए घर से निकले थे। पहले वे सन्हौला स्थित एक मंदिर पहुंचे। वहां भीड़ होने के कारण वे अमडंडा के ग्रामीण इलाके में स्थित एक शिव मंदिर चले गए। हालांकि, मंदिर बंद था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और युवक-युवतियों से पूछताछ करने लगे। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध समझे जाने पर पूछताछ के दौरान दोनों युवक वहां से भाग निकले, जबकि दोनों युवतियों से पूछताछ जारी रही। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। पुलिस की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह मामला छेड़खानी का नहीं पाया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

बांका में आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के मामले में तीन गिरफ्तार
इधर, बांका जिले के मंदार पर्वत क्षेत्र से जुड़े एक आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होने के मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि एसआईटी ने मुख्य आरोपी अब्दुल्ला को कोलकाता के हावड़ा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। वहीं, अनंत को उसके घर से और विभीषण को पटना रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में शामिल चार विधि विरुद्ध बालकों में से दो को निरुद्ध किया गया है, जबकि अन्य दो की तलाश जारी है। पीड़िता की मां के बयान पर बौंसी थाना में मामला दर्ज किया गया है। इसमें अनंत और विभीषण को नामजद किया गया है। पुलिस दो एक्स हैंडल समेत 41 अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भूमिका की भी जांच कर रही है। भागलपुर और बांका के इन दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है। भागलपुर में जहां युवतियों के साथ हुई धक्का-मुक्की के मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है, वहीं बांका में आपत्तिजनक वीडियो के प्रसार से जुड़े लोगों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भूमिका की जांच हो रही है।