बिहार:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिहार में 17 सितंबर 2026 की शाम 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तथा छात्रावासों में शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के साथ दीप प्रज्वलित करने का निर्देश दिया है। विभाग के अनुसार, प्रत्येक दीपक विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा।

शाम 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगा कार्यक्रम
बिहार शिक्षा विभाग के विशेष सचिव धर्मेंद्र कुमार की ओर से 14 सितंबर 2026 को जारी पत्र में सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है। पत्र के मुताबिक, विद्यालयों और छात्रावासों में शिक्षक 'आशीर्वाद का दीया' जलाएंगे और शिक्षा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
.jpeg)
दानापुर में स्कूलों को दीप प्रज्वलन का लक्ष्य
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के दानापुर प्रखंड संसाधन केंद्र की ओर से जारी कार्यालय आदेश में 17 सितंबर को शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इसमें विद्यालय के शिक्षक, केजीबीवी के कर्मचारी और बच्चे शामिल होंगे। स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। विद्यालयों के लिए न्यूनतम दीप प्रज्वलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्राथमिक विद्यालयों में 25, मध्य विद्यालयों में 40, नए उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 50 और पुराने उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 100 दीप जलाने का निर्देश दिया गया है। केजीबीवी टाइप-1 एवं 4 के लिए 100 से 150 दीपों का लक्ष्य रखा गया है।
फोटो और वीडियोग्राफी WhatsApp के माध्यम से भेजने का निर्देश
दानापुर प्रखंड के आदेश में कार्यक्रम के दौरान फोटो और वीडियोग्राफी कराने तथा उन्हें WhatsApp के माध्यम से संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संकुल समन्वयक और व्यवस्थापकों को अपने-अपने संकुल का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
समस्तीपुर में सरकारी संस्थानों में भी जलाए जाएंगे दीप
समस्तीपुर समाहरणालय की ओर से जारी आदेश में जिले के विभिन्न सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गई हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी को सरकारी विद्यालयों में दीप प्रज्वलन सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा पंचायत भवन, अमृत सरोवर, बुनियाद केंद्र, जीविका केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी दीप प्रज्वलित कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।
प्रखंड कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने का निर्देश
समस्तीपुर के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने प्रखंड कार्यालयों में दीप प्रज्वलित करने और जनप्रतिनिधियों तथा जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के सदस्यों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया है।