पटना:
बिहार में आज यानी 25 सितंबर को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर किसानों को बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले खेतों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं, नेपाल में हो रही भारी बारिश और कैचमेंट एरिया में बढ़ते जलस्तर के कारण उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

आज इन 19 जिलों में येलो अलर्ट
पटना मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में दिनभर मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। बाकी जिलों में भी आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
.jpeg)
30 से 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बारिश के दौरान कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। गरज और चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम खराब होने के दौरान पेड़, बिजली के खंभे, खुले मैदान और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम साफ होने तक खेतों में काम करने से बचने को कहा गया है।
.jpeg)
अगले 72 घंटे कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 72 घंटे तक बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह सामान्य होने की संभावना नहीं है। 26 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। 26 सितंबर को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। 27 सितंबर को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में मौसम खराब रहने का अनुमान है। वहीं, 28 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
.jpeg)
लगातार बारिश से तापमान में गिरावट
बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई है। बुधवार से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला और इसके बाद कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इससे पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है। हालांकि, बारिश और वज्रपात के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
नेपाल में बारिश से उत्तर बिहार में बढ़ी चिंता
बिहार के साथ-साथ नेपाल के कई हिस्सों में भी लगातार बारिश हो रही है। नेपाल और सुपौल के कैचमेंट एरिया में तेज बारिश के कारण नदियों के जलस्तर को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थिति को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से कई जगहों पर माइकिंग कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की जा रही है।
कोसी बराज पर हाई अलर्ट
नेपाल में बारिश के बीच कोसी बराज पर भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। जलस्तर और पानी के प्रवाह पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे में कोसी और आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर लोगों को मौसम तथा नदियों के जलस्तर से जुड़ी सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।