द फॉलोअप डेस्क
बिहार के छपरा से एक बड़ा मामला सामने आ रहा है। यहां अपराधियों ने एक भोजपुरी गायक की चाकू मारकर हत्या कर दी है। घटना शुक्रवार रात गड़खा थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव में घटी। मृतक गायक की पहचान मीठेपुर गांव निवासी 33 वर्षीय सत्येंद्र राय उर्फ मुनटुन राय के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात पहले से ही घात लगाकर बैठे अपराधियों ने भोजपुरी गायक पर हमला किया। इस हमले में गायक की जान चल गई। फिलहाल, गायक की हत्या का असल कारण अब तक नहीं पता चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।मारपीट के बाद चाकू से किया वार
बताया जा रहा है कि भोजपुरी गायक मुनटुन राय शुक्रवार को अपने दोस्त से मिलने गये थे। तभी देर रात घर लौटते समय मुहम्मदपुर गांव में स्कूल के पास घात लगाए बैठे कुछ अपराधियों ने उन्हें रोका। इसके बाद पहले मुनटुन के साथ मारपीट की गई। फिर उनपर चाकू से वार किए गए। घटना के बाद शोर सुनकर जब तक गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक मुनटुन राय की मौत हो चुकी थी। हालांकि, वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी फरार है।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने गड़खा थाना को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गायक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इसके साथ ही पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।