logo

:  भरत तिवारी की मां आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगी, न्यायिक जांच में आया नया अपडेट

bharat6.jpg

Bharat Tiwari Encounter: 
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और उन पर कार्रवाई करने को लेकर भरत की मां ने गुरुवार से आमरण अनशन शुरु करने का ऐलान किया है। अनशन में भरत की मां, बहन रूबी कुमारी, भाई चंदन तिवारी, बसंत तिवारी और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल होंगे। खबर है कि 11 बजे से अनशन शुरु होगा। उनका साफ तौर पर कहना है जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग 
परिजनों के अनुसार, भरत तिवारी के घर के सामने एक पेड़ के नीचे आमरण अनशन किया जाएगा। मां आशा देवी का कहना है कि दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और उन्हें सजा मिलने तक वह भूख हड़ताल जारी रखेंगी। इस अनशन में भरत की बहन रूबी कुमारी, भाई चंदन तिवारी, बसंत तिवारी और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल होंगे। इस मामले में बुधवार को भरत तिवारी के परिजनों ने मामले में अदालत के समक्ष अपना बयान भी दर्ज कराया।
 

न्यायिक जांच को लेकर रिटायर्ड जज ने दी जानकारी
एनकाउंटर की न्यायिक जांच कर रहे सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा ने बताया कि आरा स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर में न्यायिक जांच आयोग का कार्यालय स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि जांच की प्रक्रिया अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे बढ़ाई जाएगी। आयोग को छह महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपनी है।

किन बिंदुओं पर होगी जांच?
सेवानिवृत्त न्यायाधीश के अनुसार, जांच का मुख्य उद्देश्य घटना की पूरी पृष्ठभूमि, घटनाक्रम और उन परिस्थितियों की पड़ताल करना है, जिनके कारण यह घटना हुई। इसके साथ ही 17 जून को बिलौटी में पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। 
 

जल्द दर्ज होंगे गवाहों के बयान
रिटायर्ड जज ने बताया कि गवाहों को समन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह पीड़ित परिवार से उनके घर जाकर मुलाकात कर चुके हैं और पूरे मामले की जानकारी ले चुके हैं। आयोग निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने का प्रयास करेगा।

Tags - भरत तिवारी एनकाउंटर Bharat Tiwari Encounter भरत तिवारी एनकाउंटर मामला