AISA President Neha Bora:
AISA अध्यक्ष नेहा बोरा सोमवार को पटना के बेऊर केंद्रीय कारा पहुंचीं, जहां उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों, छात्र नेताओं और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने जेल में बंद लोगों का हालचाल जाना और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सरकार को 29 जुलाई तक सभी गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को रिहा करने का अल्टीमेटम दिया। नेहा ने कहा कि तय समय तक अगर रिहाई नहीं हुई तो 30 जुलाई को बिहारभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

जेल में बंद छात्रों से मिली
जेल से बाहर आने के बाद नेहा बोरा ने बताया कि बंद छात्रों ने पुलिस कार्रवाई के दौरान दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत की है। छात्रों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। नेहा बोरा ने कहा कि छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी और जरूरत पड़ी तो बिहार की सड़कों पर भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

जेल अधिकारियों से भी मुलाकात
इस दौरान नेहा ने बेऊर जेल अधिकारियों से भी मुलाकात की। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि जेल में बंद छात्रों और अन्य लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, मीडिया कर्मियों पर हुए कथित हमले के सवाल पर नेहा बोरा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, जबकि छात्र नेता अजीत कुशवाहा ने पत्रकारों पर हमले की निंदा करते हुए मीडिया की स्वतंत्रता का सम्मान करने की बात कही।