बेगूसराय/बिहार
बेगूसराय जिले में छात्रवृति फॉर्म भरने निकला था इंटर का छात्र, घर वापस नहीं लौटा। अब उसकी हत्या का मामला सामने आया है। छात्र का शव खगड़िया जिले के बलदौर थाना क्षेत्र के दियारा का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान विकास कुमार के रुप में हुई है। विकास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल गांव निवासी रामउदय के पुत्र था। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है।

छात्रवृति का फॉर्म भरने निकला था युवक
शव मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों में आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और जांच शुरु कर दी। पूछताछ में परिजनों ने गांव के ही दो युवकों मुसो यादव के पुत्र विकास यादव और बुलबुल यादव के पुत्र मोहित यादव उर्फ कारेलाल पर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस आरोप के आधार पर दोनों को हिरासत में ले ली है और पूछताछ कर रही है। परिजनों ने बताया कि विकास घर से छात्रवृत्ति योजना का फॉर्म भरने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। उसके बाद परिजनों द्वारा खोजबीन शुरु की गई।

परिजनों का आरोप—पुरानी रंजिश हो सकती है
काफी खोजबीन करने के बाद भी जब विकास का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजन थाना में इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि मोहित और विकास के साथ बाइक से फॉर्म भरने निकला था। उसके दोस्त घर लौटे लेकिन विकास नहीं लौटा। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ महीने पहले आरोपी विकास यादव पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर मृतक के नाम से अश्लील फोटो वायरल करने का आरोप लगा था। उस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब एक महीने पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद से परिजनों ने रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपियों पर सख्त् कार्रवाई करने की मांग की है।