logo

प्रेमिका के घर मिलने गया प्रेमी, परिजनों ने जमकर पीटा; 12 घंटे बाद प्रेमिका ने उसी के साथ लिए सात फेरे

प्रेमिका के घर मिलने गया प्रेमी, परिजनों ने जमकर पीटा; 12 घंटे बाद प्रेमिका ने उसी के साथ लिए सात फेरे

द फॉलोअप डेस्क:

बेगूसराय में प्रेम कहानी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे प्रेमी की परिजनों ने जमकर पिटाई कर दी। करीब 7 मिनट तक युवक के साथ मारपीट की गई। इसके करीब 12 घंटे बाद प्रेमिका खुद प्रेमी के घर पहुंच गई और साफ कहा कि वह उसी के साथ रहना चाहती है और उसी से शादी करेगी। इसके बाद दोनों ने परिवार की मौजूदगी में मंदिर में शादी कर ली। मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के मेहदौली चौक स्थित शिव मंदिर के पास का है। प्रेमी की पहचान 20 साल के अविनाश कुमार और प्रेमिका की पहचान 18 साल के मुस्कान के रूप में हुई है।  

मुस्कान से मिलने उसके घर पहुच था अविनाश, लोगों ने घेर कर पकड़ा 

बताया जा रहा है कि भगवानपुर नवटोलिया निवासी उदय चौधरी का बेटा अविनाश करीब तीन साल से अपने पिता के साथ भगवानपुर में चाय की दुकान चलाता है। उसके घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर मुस्कान का घर है। मुस्कान के घर के पास ही अविनाश की बुआ का घर भी है। इसी वजह से दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी। करीब दो साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। अविनाश और मुस्कान अपने रिश्ते को लेकर गंभीर थे। दोनों ने अपने-अपने परिवारों को एक-दूसरे के बारे में बताया था और शादी की इच्छा भी जताई थी, लेकिन दोनों के घरवाले इसके लिए तैयार नहीं थे। 10 सितंबर की रात अविनाश, मुस्कान के बुलाने पर उससे मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों और गांव के कुछ लड़कों को इसकी जानकारी मिल गई। लोगों ने घर की घेराबंदी कर दी और अविनाश को मुस्कान के कमरे में उसके साथ पकड़ लिया।

मुस्कान ने नहीं छोड़ा अविनाश का साथ, मंदिर में लिए सात फेरे 

इसके बाद लड़की के परिजनों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। अविनाश की पिटाई की खबर मिलने के बाद उसके पिता भी लड़की के घर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने अविनाश को वहां से छुड़ाया और घर ले आए। इस दौरान दोनों को एक-दूसरे से दूर रहने की हिदायत दी गई। लेकिन इस घटना के करीब 12 घंटे बाद ही कहानी ने नया मोड़ ले लिया। शनिवार की शाम मुस्कान अपने घर से निकलकर सीधे अविनाश के घर पहुंच गई। इसकी जानकारी मिलते ही उसके परिजन भी वहां पहुंच गए और उसे समझाकर वापस घर ले जाने की कोशिश की। काफी देर तक बातचीत और मान-मनौव्वल चलता रहा, लेकिन मुस्कान अपने फैसले पर अड़ी रही। उसने साफ कहा कि वह अविनाश के साथ ही रहना चाहती है और उसी से शादी करेगी। परिजनों के काफी समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी तो वे वापस लौट गए। इसके बाद अविनाश और मुस्कान मेहदौली चौक स्थित भोला स्थान के शिव मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर शादी कर ली। इस तरह जिस प्रेम कहानी में कुछ घंटे पहले मारपीट और विरोध देखने को मिला था, उसी कहानी का अंत दोनों की शादी के साथ हुआ।
 

Tags - Begusarai Love Story Begusarai News Bihar Love Story Avinash Kumar Muskan Begusarai