पटना/बिहार
बेगूसराय में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में 3 थानाध्यक्ष और एक चालक की मौत हो गई। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत बखड्डा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 का है। तीनों पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद अपने-अपने कार्यक्षेत्र लौट रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में हादसा हुआ।

मृतकों की पहचान
मृतकों में शामिल थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान, जो मधेपुरा जिले के रतवारा अरार के रहने वाले थे। थानाध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार शामिल हैं। हादसे में कार चालक नीरज कुमार की भी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सभी पुलिस अधिकारी पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उसके बाद वापस अपने-अपने कार्यक्षेत्र लौट रहे थे। इसी दौरान साहेबपुर कमाल के पास उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतना भयावह थी कि चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रक चालक में खोज में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। बेगूसराय SP मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की खोजबीन कर रही है।