बेगूसराय/बिहार
बेगूसराय जिलि से पांच नाबालिग बालिकाओं के अचानक लापता होने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बालिका गृह की है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें बालिकाओं की तलाश में जुट गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ तकनीकी जांच भी की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि बालिका गृह में रह रही पांच नाबालिग लड़कियां बिना किसी को बताए परिसर से गायब हो गई हैं। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बालिका गृह और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बालिकाओं के जाने की दिशा और समय का पता लगाया जा सके।

वार्डन और कर्मचारियों से पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय एसपी मनीष खुद बालिका गृह पहुंचे और वार्डन और कर्मचारियों से पूछताछ की। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी बालिकाओं को सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और जिले के प्रमुख स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सर्विलांस और तकनीकी टीम भी बालिकाओं की तलाश में जुटी हुई है।