logo

बाढ़ कोर्ट में पकड़ौआ विवाह को लेकर हंगामा, युवक ने कोर्ट मैरिज से किया इनकार

pakd.jpg

बाढ़/बिहार
बाढ़ सिविल कोर्ट परिसर में पकड़ौआ विवाह को लेकर जमकर हंगामा हुआ। एक युवक ने जबरन शादी कराए जाने का आरोप लगाते हुए कोर्ट मैरिज के लिए रजिस्ट्री ऑफिस में हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। युवक का आरोप है कि वह लड़की की छोटी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी शादी जबरन बड़ी बहन से करा दी गई। रजिस्ट्री ऑफिस में युवक के कोर्ट मैरिज करने से मना करने के बाद पर लड़की पक्ष ने लड़के पर 20 लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप लगाया है। 

दो महीने पहले हुई थी दोनों की पहचान
दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के कारण कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख कोर्ट में मौजूद गार्ड ने दोनों पक्षों को बाढ़ थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक की पहचान नीतीश कुमार के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतीश की जिसे महिला से जबरन शादी करा दी गई, उससे करीब दो महीने पहले एक शादी समारोह के दौरान मुलाकात थी। महिला हाथीदह की रहने वाली है और उसका एक बच्चा भी है। पति से तलाक के बाद वह अपनी मां के साथ रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले दो महीने से फोन पर बातचीत हो रही थी। नीतीश का आरोप है कि बुधवार को वह बेगूसराय स्थित जीडी कॉलेज गया था, जहां महिला ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा। घर पहुंचने के बाद महिला के परिवार वालों ने उसे रात में रुकने के लिए कहा। उसने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि महिला के परिवार वालों द्वारा उस पर शादी करने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जबरन गांव के मंदिर में शादी करा दी गई।

कोर्ट मैरिज के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, कि महिला पटना के एक निजी अस्पताल में नर्स का काम करती है। शादी के बाद दोनों पक्ष कोर्ट मैरिज के लिए बाढ़ रजिस्ट्री ऑफिस पहुंचे थे, लेकिन नीतीश ने शादी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

Tags - Barh Court News Barh Bihar News Patna News