द फॉलोअप डेस्क
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने गुरुवार को पटना स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने एक बार फिर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। अजय आलोक ने दावा किया कि 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम में भाजपा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान जनता का उत्साह यह संकेत दे रहा है कि भाजपा का जनाधार पहले से और मजबूत हुआ है।

जन सुराज पर साधा निशाना
अजय आलोक ने जन सुराज और उसके सूत्रधार प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूरे चुनाव अभियान के दौरान राजद और जन सुराज के बीच साइलेंट अंडरस्टैंडिंग देखने को मिली। उन्होंने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर राजद कार्यकर्ता अपने समर्थकों को दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करते नजर आए, जिससे दोनों दलों की अंदरूनी रणनीति सामने आ गई। उन्होंने प्रशांत किशोर पर हमला बोलते हुए कहा कि जो व्यक्ति पहले राजद और तेजस्वी यादव पर लगातार सवाल उठाते थे, उन्होंने इस चुनाव में राजद के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की। इससे स्पष्ट है कि भाजपा को हराने के उद्देश्य से विपक्षी दलों के बीच अंदरखाने समझौता किया गया था।

फर्जी सर्वे और एग्जिट पोल के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिश
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होने के बाद फर्जी सर्वे और एग्जिट पोल के माध्यम से भ्रम फैलाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कथित सर्वे एजेंसियों के जरिए कृत्रिम माहौल बनाने का प्रयास हुआ, लेकिन जनता ने इसे पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जन सुराज के बाहरी कार्यकर्ता चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद भी बांकीपुर और पटना में मौजूद रहे, जिसको लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। अजय आलोक ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करती है और चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद क्षेत्र छोड़ देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी और बांकीपुर एक बार फिर पार्टी का मजबूत गढ़ साबित होगा। प्रेस वार्ता में दीघा विधायक एवं भाजपा के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता और भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू भी मौजूद रहे।