FIR On Prashant Kishor:
बांकीपुर उपचुनाव में वोटिंग से ठीक एक दिन पहले जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पटना के शास्त्री नगर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह शिकायत जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने दर्ज कराई है। आरोप है कि प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक वीडियो को फर्जी और एआई से तैयार किया हुआ बताया था।

क्या कहा था नीतीश कुमार ने?
जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार कहना है कि नीतीश कुमार के वीडियो को आर्टिफिशियल बताना उनका अपमान करने जैसा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दरअसल, नीतीश कुमार ने बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में एक वीडियो जारी किया था और बिहार की जनता से अपील की थी कि आप सभी के सहयोग और विश्वास से हमने दो दशकों में न्याय के साथ विकास की गति को धरातल पर उतारा। विकास की इस गति को बनाए रखने के लिए आपका एक-एक वोट जरूरी है।

प्रशांत किशोर ने क्या कहा?
वहीं, प्रशांत किशोर ने इस वीडियो पर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी और एआई जनरेटेड बताया था। उन्होंने दावा किया था कि वीडियो को एडिट कर तैयार किया गया है। नीतीश कुमार ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। इस मामले को लेकर उन्होंने बीजेपी पर भी निशाना साधा था। अब इसी बयान के बाद जेडीयू ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।