logo

बांका में फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत, विजिलेंस ने जाल बिछाकर JE और क्लर्क को रंगेहाथ किया गिरफ्तार 

Screenshot_2026-08-03_152830.jpg

बिहार
बिहार के बांका जिला परिषद कार्यालय में सोमवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कनीय अभियंता (जेई) ओमप्रकाश मंडल और कार्यालय के क्लर्क जागेश्वर मंडल को 1 लाख 26 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद जिला परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया और अन्य सरकारी कार्यालयों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
संवेदक की शिकायत पर हुई कार्रवाई
निगरानी विभाग के डीएसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि एक संवेदक ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि कार्य से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने और भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के बदले जेई द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप तैयार किया। सोमवार को जैसे ही संवेदक ने तयशुदा 1.26 लाख रुपये की रिश्वत आरोपितों को सौंपी, पहले से मौके पर मौजूद निगरानी टीम ने तुरंत छापेमारी कर जेई ओमप्रकाश मंडल और क्लर्क जागेश्वर मंडल को रंगेहाथ पकड़ लिया।
कार्यालय को घेरकर की गई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान निगरानी विभाग की टीम दो वाहनों से जिला परिषद कार्यालय पहुंची। टीम ने कार्यालय परिसर को अपने नियंत्रण में लेते हुए मुख्य द्वार बंद कर दिया और जांच पूरी होने तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। अचानक हुई कार्रवाई से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
पूछताछ के बाद दोनों आरोपित पटना रवाना
छापेमारी के समय जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव समेत कई अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में मौजूद थे। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और प्रारंभिक पूछताछ के बाद निगरानी विभाग दोनों आरोपितों को अपने साथ पटना ले गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपितों पर एक सरकारी कार्य के एवज में 1.26 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tags - Bihar News Vigilance Raid Corruption Banka Bribery Case