logo

लखीसराय के अशोकधाम की घटना पर कांग्रेस का हमला, राजेश राम बोले- प्रशासनिक विफलता से गई श्रद्धालुओं की जान

WhatsApp_Image_2026-08-17_at_3_12_32_PM.jpeg

पटना
लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ से श्रद्धालुओं की मौत पर बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस घटना को प्रशासनिक विफलता का परिणाम बताया। साथ ही दोषी प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग राज्य सरकार से की।
प्रशासनिक चूक से हुआ हादसा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि यह दुर्घटना प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा कि सोमवारी के अवसर पर अशोकधाम मंदिर के महत्व और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन को पर्याप्त और प्रभावी व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन इसके बावजूद इतनी बड़ी चूक हो गई।
7 महिलाओं की मौत, कई घायल
उन्होंने बताया कि अब तक इस हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि 23 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें 3 घायलों की हालत गंभीर है। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। तीसरी सोमवारी के अवसर पर करीब 50 हजार श्रद्धालु ऐतिहासिक शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे।
दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजा बढ़ाने की मांग
राजेश राम ने राज्य सरकार से दोषी प्रशासनिक अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने सरकार द्वारा घोषित मुआवजे को अपर्याप्त बताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की राशि बढ़ाने की मांग की। साथ ही घायलों का सरकारी खर्च पर समुचित इलाज कराने और उन्हें भी उचित मुआवजा देने की मांग की।

Tags - Lakhisarai News Ashokdham Stampede Rajesh Ram Bihar Congress Bihar News