logo

Bihar Election 2025 : RJD को एक और झटका, 2 के बाद 2 और विधायक छोड़ गए साथ, BJP में जाने की तैयारी

RJAD.jpg

पटना 
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लालू-तेजस्वी की पार्टी आरजेडी को तगड़ा झटका लगा है। पिछले दो दिनों में पार्टी के चार विधायकों ने न सिर्फ पार्टी से नाता तोड़ा, बल्कि भाजपा में जाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। इनमें रजौली के विधायक प्रकाश वीर, नवादा की विभा देवी, कैमूर जिले के भभुआ से भरत बिंद और मोहनियां की संगीता कुमारी शामिल हैं। इन चारों विधायकों का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव को सौंपा गया है, जिसे मंजूरी भी मिल चुकी है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सभी विधायक भाजपा के संपर्क में हैं और टिकट की औपचारिक घोषणा के बाद वे पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

RJD के भीतर असंतोष और टिकट विवाद
आरजेडी में टिकट बंटवारे को लेकर असंतोष की खबरें पहले से चल रही थीं। सूत्रों के अनुसार, रजौली विधायक प्रकाश वीर और नवादा की विभा देवी को इस बार टिकट नहीं मिलने की आशंका थी। तेजस्वी यादव की रैलियों में प्रकाश वीर के खिलाफ नारेबाज़ी के वीडियो भी वायरल हुए थे — “ओ तेजस्वी भैया, प्रकाश वीर को हटाना होगा”।
विभा देवी पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं और नवादा में उनके परिवार का दशकों से प्रभाव रहा है। उन्होंने 2020 में RJD के टिकट पर जीत हासिल की थी, लेकिन अब भाजपा में जाने से यादव वोट बैंक में सेंध लगने की आशंका जताई जा रही है।

भभुआ और मोहनियां से भी दो विधायकों ने छोड़ा साथ
वहीं, कैमूर जिले के भभुआ से विधायक भरत बिंद और मोहनियां की संगीता कुमारी ने भी RJD से इस्तीफा देकर भाजपा से जुड़ने की पुष्टि की है। भरत बिंद ने कहा — “तकनीकी कारणों से इस्तीफा देना जरूरी था, इस्तीफा नहीं देते तो भाजपा टिकट कैसे देती।” वहीं संगीता कुमारी ने कहा कि वह क्षेत्र में लगातार कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं।

RJD के लिए बड़ा झटका, BJP को नया संबल
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इन चारों विधायकों के जाने से RJD को चुनावी समीकरण में नुकसान हो सकता है। खासतौर पर दक्षिण और मगध क्षेत्र में जहां पार्टी यादव और पिछड़ा वर्ग के वोट बैंक पर निर्भर करती है, वहां भाजपा को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं भाजपा की रणनीति स्पष्ट दिख रही है — संगठन मजबूत करने के साथ-साथ आरजेडी के असंतुष्ट नेताओं को अपने पाले में लाकर विपक्ष को कमजोर करना।

 

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update