द फॉलोअप डेस्क:
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार (Bihar) के मोकामा (Mokama) से विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर चर्चा में हैं। 25 नवंबर 2026 को होने वाली इस शाही शादी की तैयारियां पटना से लेकर उनके पैतृक गांव नदवां तक चल रही हैं। शादी के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। समारोह में देश-विदेश के कलाकार प्रस्तुति देंगे। वहीं, घुड़दौड़ प्रतियोगिता के विजेता को थार गाड़ी इनाम में देने की तैयारी है। चर्चा है कि अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद को करीब 2 करोड़ रुपये की डिफेंडर कार और छोटे बेटे अभिनव को जनेऊ संस्कार में करीब 80 लाख रुपये की BMW कार गिफ्ट करेंगे। इस भव्य आयोजन के बीच उनकी संपत्ति और कमाई के स्रोत भी चर्चा में हैं। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की कुल घोषित चल-अचल संपत्ति करीब 100.61 करोड़ रुपये है।

पत्नी नीलम देवी के नाम ज्यादा संपत्ति
चुनावी हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह के नाम करीब 40.61 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी नीलम देवी के नाम लगभग 60 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। दोनों की कुल संपत्ति में करीब 39.73 करोड़ रुपये चल और 60.87 करोड़ रुपये अचल संपत्ति शामिल है। अनंत सिंह की कमाई का प्रमुख जरिया कारोबार, कृषि, विधायक के रूप में मिलने वाला वेतन और पेंशन तथा मकान का किराया है। हलफनामे में पटना की दर्प (Darp) कंस्ट्रक्शन कंपनी में उनकी 34.375 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज है। इसमें उनका निवेश करीब 10.18 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं, नीलम देवी की राजनंदनी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और एसएसजीसी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड में भी हिस्सेदारी है। इन कंपनियों का कारोबार कंस्ट्रक्शन और रियल एस्टेट से जुड़ा है।

पटना से दिल्ली तक प्रॉपर्टी, करोड़ों का कर्ज भी
अनंत सिंह और नीलम देवी के नाम पर पटना, बाढ़, नदवां, गुरुग्राम और दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-2 जैसे इलाकों में जमीन, कमर्शियल बिल्डिंग और फ्लैट दर्ज हैं। हलफनामे में दोनों की गैर-कृषि जमीन का घोषित मूल्य करीब 25 करोड़ रुपये और कमर्शियल प्रॉपर्टी का मूल्य करीब 23.90 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा आवासीय संपत्तियां भी हैं। महंगी गाड़ियों में लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियां शामिल हैं। वहीं, दोनों के पास करीब 850 ग्राम सोने के आभूषण और 6.3 किलो चांदी के आभूषण व बर्तन भी दर्ज हैं। हालांकि, करोड़ों की संपत्ति के साथ उन पर कर्ज भी है। हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह पर करीब 2.47 करोड़ रुपये और नीलम देवी पर करीब 23.51 करोड़ रुपये की देनदारी है। इस तरह दोनों पर कुल करीब 25.99 करोड़ रुपये का कर्ज है। संपत्ति और देनदारी के ये आंकड़े 2025 के विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे पर आधारित हैं।