द फॉलोअप डेस्क:
Shivangi Wedding: मोकामा (Mokama) विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) की बेटी शिवांगी (Shivangi) की शादी को लेकर बारिश के बीच चल रही चर्चाओं पर अब खुद अनंत सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि शादी का कोई भी कार्यक्रम रद्द नहीं हुआ है। दरअसल, नदवां गांव में लगातार बारिश के कारण घुड़दौड़ प्रतियोगिता और हेलीकॉप्टर से मेहमानों के आने को लेकर असमंजस की स्थिति बन गयी थी। पहले अनंत सिंह ने बारिश का हवाला देते हुए घुड़दौड़ प्रतियोगिता नहीं होने की बात कही थी। अब उन्होंने दोबारा बातचीत में स्पष्ट किया है कि शादी के कार्यक्रम पहले की तरह होंगे।

बारिश से घुड़दौड़ और हेलीकॉप्टर पर ब्रेक
अनंत सिंह ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में बताया कि लगातार बारिश के कारण घुड़दौड़ का मैदान कीचड़ से भर गया है। ऐसे में कादो में घोड़ा नहीं दौड़ाया जा सकता। वहीं, हेलीकॉप्टर उतारने के लिए बनाया गया हेलीपैड भी फिलहाल इस्तेमाल के लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि इलाके में केवाल मिट्टी होने के कारण जमीन सूखने में समय लगता है। इस वजह से हेलीकॉप्टर से आने वाले करीब 25 मेहमान अब सड़क मार्ग से नदवां पहुंचेंगे। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि बारिश के कारण शादी का कोई कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया है।

25 नवंबर को शादी, आज हल्दी की रस्म
बता दें कि शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है, जबकि 23 नवंबर यानी आज हल्दी की रस्म आयोजित की जा रही है। शादी को लेकर नदवां स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। तिलक और फलदान की रस्में पहले ही पूरी हो चुकी हैं। अब परिवार शादी की बाकी तैयारियों में जुटा है। बारिश के कारण घुड़दौड़ और हेलीकॉप्टर से मेहमानों के आने की योजना प्रभावित जरूर हुई है, लेकिन अनंत सिंह के मुताबिक शादी के बाकी कार्यक्रम तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे।