द फॉलोअप डेस्क:
Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा (Mokama) के विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) की बेटी शिवांगी सिंह (Shivangi Singh) की शादी को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को खास बनाने के लिए अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में करीब 10 बीघे जमीन पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। इस शाही शादी में कौन-कौन शामिल होगा, इसे लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। मेहमानों की लिस्ट को लेकर जब अनंत सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि मुंह से इतना नहीं बता सकते, इसके लिए कॉपी देखनी पड़ेगी। उनके इस जवाब से अंदाजा लगाया जा रहा है कि शादी में मेहमानों की लंबी फेहरिस्त होगी। इसमें बिहार की राजनीति से जुड़े बड़े चेहरे, भोजपुरी इंडस्ट्री के कलाकार और उनके करीबी समर्थक शामिल हो सकते हैं।
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

150 से ज्यादा पकवानों से सजेगी मेहमानों की थाली
शादी की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जयमाल के लिए करीब 30 फीट ऊंचा स्टेज बनाया जा रहा है। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए चीन और बेंगलुरु से महंगे फूल मंगवाए जा रहे हैं। मेहमानों की सुविधा का भी खास ध्यान रखा जा रहा है। व्यवस्था ऐसी होगी कि दूर बैठकर भी लोग जयमाल और शादी की रस्मों को आसानी से देख सकेंगे। वहीं, खाने-पीने के इंतजाम भी बेहद खास रहने वाले हैं। चर्चा है कि शादी के मेन्यू में 150 से ज्यादा तरह के व्यंजन शामिल किए जाएंगे। यानी मेहमानों के स्वागत से लेकर खाने और सजावट तक हर चीज को भव्य बनाने की तैयारी है।
यह भी देखें: PM Modi Bihar Visit : 21 नवंबर को बिहार आएंगे PM मोदी, देंगे 3 बड़ी सौगातें

दामाद को गिफ्ट में देंगे 2 करोड़ की डिफेंडर
इस शाही शादी में एक और चीज चर्चा का विषय बनी हुई है और वह है अनंत सिंह का अपने होने वाले दामाद को दिया जाने वाला खास तोहफा। जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह अपने दामाद ऋषिकेश को करीब 2 करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करेंगे। ऋषिकेश अमेरिका में रहते हैं, हालांकि उनका मूल निवास बिहार के बिहटा में है। बताया जा रहा है कि लग्जरी कार पटना भी पहुंच चुकी है। वहीं, शादी की रस्मों की शुरुआत 20 नवंबर को फलदान के साथ होगी। इसके बाद 25 नवंबर को शिवांगी और ऋषिकेश शादी के बंधन में बंधेंगे। ऐसे में अनंत सिंह की बेटी की यह शादी बिहार में होने वाले चर्चित शाही आयोजनों में शामिल होने जा रही है।