पटना
नीट पेपर लीक मामले और पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में हुए प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार छात्रों और युवा नेताओं की रिहाई की मांग तेज हो गई है। इसी सिलसिले में AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा आज पटना पहुंचेंगी। वह बेऊर जेल जाकर गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करेंगी और उनकी स्थिति की जानकारी लेंगी। साथ ही दर्ज मुकदमों की वापसी और छात्रों की रिहाई को लेकर आवाज उठाएंगी।

क्या रहेगा रूटीन?
जानकारी के मुताबिक, नेहा के कार्यक्रम में दोपहर 1 बजे बेऊर जेल में बंद छात्र नेताओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे वीरचंद पटेल पथ स्थित विधायक आवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। इस दौरान वह छात्रों और अभिभावकों से संवाद करेंगी। वहीं शाम 5 बजे बिहार के गृह सचिव से मुलाकात कर गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग रखेंगी।

दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ छात्र आंदोलन
दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ छात्र आंदोलन देश के विभिन्न राज्यों में हुआ। नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में भी अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन हुआ। शनिवार को बिहार बंद के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस द्वारा लाठियां बरसाईं गईं। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें कई प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी भी घायल हुए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कई प्रदर्शनकारियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस की ओर से पहले 117 संदिग्धों की तस्वीरें भी जारी कर हिरासत में लिया और अभी भी लगातार जारी है। इसी मामले में आज आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बिहार दौरे पर हैं।