logo

आरा में महिला की गला रेतकर हत्या, पति पर आरोप; बंद कमरे से मिला शव

BIHAR11.jpg

आरा/बिहार
आरा जिले में 35 वर्षीय सरिता देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सोमवार को बंद कमरे से बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो सरिता देवी का शव पलंग पर पड़ा मिला। मृतका के गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान पाए गए हैं। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव का है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शादी के कुछ साल बाद शुरू हुआ विवाद
मृतका के पिता गुरु गोविंद सिंह ने बताया कि वर्ष 2013 में सरिता देवी की शादी संतोष कुमार सिंह से हुई थी। शुरुआती कुछ वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति ने सरिता को प्रताड़ित किया और साथ रखने से भी इनकार कर दिया था। इसी को लेकर वर्ष 2018 में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया गया था, जिसकी सुनवाई अभी भी चल रही है। परिजनों का आरोप है कि संतोष कुमार सिंह हाल ही में केस के सिलसिले में गांव आया था और उसी ने वारदात को अंजाम दिया।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर गड़हनी थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। सिविल सर्जन के निर्देश पर तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। जांच के दौरान वजाइनल स्वाब भी सुरक्षित किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। सरिता देवी अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags - Ara Woman Murder Bhojpur Crime News Bihar Murder Case Woman Killed in Ara