द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गर्दनीबाग इलाके के जनता रोड में एक ही परिवार के चार लोग उस समय बेहोश हो गए जब एक पुराने मकान में कमरा बंद करके पूरा परिवार अलाव ताप रहा था। धुएं से पति-पत्नी और दो बच्चे बेहोश हो गए। आनन- फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां 5 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई है। राजधानी पटना में गुरुवार देर शाम इस तरह की दर्दनाक घटना सामने आयी है। परिवार के अन्य सदस्य अभी भी निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज चल रहा है। 
5 वर्षीय बच्ची की हुई मौत
इस घटना में परिवार की बेटी 5 वर्षीय सुहानी कुमारी की मौत हो गई है। गर्दनीबाग थानेदार संजीव कुमार ने बताया कि सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दम घुटने के कारण की जांच की जा रही है। बता दें कि गर्दनीबाग के जनता रोड में अमर कुमार का पुराना मकान था, जिसमें पूरे परिवार के साथ वह रहते थे। 
क्या है पूरा मामला
दरअसल, गुरुवार शाम उनके घर में आग तपने के लिए अलाव जलाया गया था और इसी से इस तरह की घटना हुई है। गर्दनीबाग की जनता रोड में रहने वाले अमर कुमार का घर पूरी तरह से बंद था। कहीं से भी कोई गैस निकलने की जगह नहीं थी। कमरे का दरवाजा और खिड़की भी बंद था। इस वजह से अलाव का धुआं घर में फैल गया और धीरे-धीरे परिवार के सभी सदस्यों का दम घुटने लगा।