रोहतास, बिहार:
बिहार के रोहतास जिले में डेहरी डालमियानगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की अपराधियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात शनिवार देर रात की है। हत्याकांड को उस समय अंजाम दिया गया, जब वह डेहरी से पटना स्थित अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने इस केस में मृतक विमल कुमार के ड्राइवर की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि विमल कुमार हत्याकांड में उनकी पत्नी बबीता ने संगीन आरोप लगाए हैं।

पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही मचा कोहराम
रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जब विमल कुमार का शव पटना के दानापुर स्थित उनके आवास पहुंचा, तो परिवार में कोहराम मच गया। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में बबीता देवी ने डेहरी के विधायक पर पति को लगातार प्रताड़ित करने और रुपये मांगने का आरोप लगाया। पति के शव के पास बिलखती हुई बबीता देवी बार-बार विधायक का नाम लेते हुए न्याय की गुहार लगाती रहीं। उन्होंने दावा किया कि विधायक अक्सर उनके पति को फोन कर मिलने के लिए बुलाते थे और उन पर दबाव बनाते थे।

पत्नी ने विधायक पर संगीन आरोप लगाया
बबीता के अनुसार, 29 जुलाई को उनके पति विधायक से मिलने गए थे। हालांकि, लौटने के बाद उन्होंने मुलाकात में क्या बात हुई, इसकी जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें संदेह है कि उसी मुलाकात के बाद घटनाक्रम ने गंभीर मोड़ लिया था।