द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बक्सर में 4 बच्चियों की दर्दनाक मौत से हड़कंप मचा हुआ है। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरैया गांव में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। घर में मिट्टी का चूल्हा बनाने के लिए पांच बच्चियां मिट्टी लाने गई थीं, इसी दौरान मिट्टी का टीला ढह गया, जिससे चार बच्चियों की दबकर मौत हो गई। वहीं, एक बच्ची की हालत गंभीर है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के सरेंजा गांव में सरकारी प्राथमिक विद्यालय के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें चार बच्चों की मिट्टी के पुराने टीले में फंसकर मौत हो गई। बच्चे टीले के पास खुदाई कर रहे थे, तभी टीला उनके ऊपर गिर गया। पांच बच्चे दब गए, पास में खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद आसपास के लोग वहां पहुंचे और मलबा हटाकर सभी बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। 
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने चार लड़कियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज चल रहा है। इस बीच सूचना मिलने पर राजपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटना की जानकारी जुटाने और अस्पताल में भर्ती घायल लड़कियों का हालचाल जानने पहुंचे। बक्सर के पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने घटना की जांच के लिए सदर एसडीपीओ धीरज कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की है।
मरने वालों में ये हैं शामिल
मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं । मृतक बच्चियों की पहचान श्याम नारायण की बेटी नयनतारा कुमारी (11 वर्ष) और शालिनी कुमारी (8 वर्ष), रमेश राम की 6 वर्षीय बेटी शिवानी कुमारी और टिंकू राम की 11 वर्षीय बेटी संजू कुमारी के रूप में हुई है। वहीं रामचंद्र की 10 वर्षीय बेटी करिश्मा कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है।