पटना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1, अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' से 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के अंतर्गत 25 लाख लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की दर से कुल 2500 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की।
उल्लेखनीय है कि इस योजना का शुभारंभ 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उस अवसर पर 75 लाख महिलाओं को 7500 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से दी गई थी। आज के अंतरण के साथ अब तक कुल 1 करोड़ महिलाओं को 10 हजार करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बड़ी संख्या में जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना प्रत्येक परिवार की एक महिला को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि शेष लाभार्थियों के लिए भी तिथियां निर्धारित की जा चुकी हैं—अगली तिथि 6 अक्टूबर 2025 है। इसके बाद लगभग हर सप्ताह डीबीटी के माध्यम से राशि भेजी जाएगी। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा, उन्हें भविष्य में 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को एनडीए सरकार बनने के बाद से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और सभी क्षेत्रों में विकास हुआ है। महिला सशक्तीकरण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पंचायती राज और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस और सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण, तथा जीविका समूहों की स्थापना जैसे कदम उठाए गए हैं। आज राज्य में 11 लाख स्वयं सहायता समूह और 1.40 करोड़ जीविका दीदियां कार्यरत हैं। शहरी क्षेत्रों में भी 37 हजार समूह बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस सहायता राशि से महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू करेंगी, जिससे परिवार और राज्य दोनों का विकास होगा। इस अवसर पर योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की गई।
.jpeg)
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान योजना की 1 करोड़वीं लाभार्थी, समस्तीपुर जिले की उजियारपुर प्रखंड की अंजु कुमारी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं और उन्होंने जीविका समूह से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि समूह से कर्ज लेकर सब्जी उत्पादन, दूध व्यवसाय और हल्दी की खेती की, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ हुआ। अब योजना से मिली 10 हजार रुपये की राशि से वह किराना दुकान शुरू करेंगी।
.jpg)
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से उनके परिवार को सीधा लाभ मिला है, जैसे वृद्धजन पेंशन, फ्री बिजली, शौचालय निर्माण, बच्चों की शिक्षा आदि। उन्होंने कहा कि जीविका समूह के माध्यम से महिलाओं का आत्मविश्वास और सम्मान दोनों बढ़ा है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त एस. सिद्धार्थ, और अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, लाभार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी जुड़े हुए थे।
